परिवार को बेहोश कर किशोरी को घर से भगाया, खेत में ले जाकर मार डाला, फिर साथी संग बाइक से लाश को यहां फेंका
1 min read
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में परिजन को बेहोश कर गई किशोरी की उसके नाबालिग प्रेमी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी। इसके बाद शव बोरी में बंद कर कुम्हौली गांव के पास काली नदी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर आरोपी की निशानदेही पर शव को तलाश कर लिया। प्रेमी हत्या के बाद शव को बाइक पर रखकर काली नदी किनारे ले गया था। नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पेट्रोल पंप कर्मचारी की 15 वर्षीय बेटी कक्षा नौ में पढ़ती थी। उसके गांव के ही 16 वर्षीय किशोर प्रेम प्रसंग हो गया था। किशोरी को उसके पिता ने फोन पर बात करते देख लिया था। इस पर उसे डांट दिया था। इसके बाद मौका मिलते ही उसने अपने प्रेमी के साथ जाने की योजना बना ली थी। इसके चलते प्रेमी ने 28 मार्च की शाम को किशोरी की छोटी बहन को एक नशीली टैबलेट दी और उसे अपनी बड़ी बहन को देने को कहा था।
उसने वह टैबलेट अपनी बड़ी बहन को दे दी थी। यह गोली दूध मिला दी थी। उस दूध को पीने के बाद किशोरी की मां, दो छोटे भाई, एक बहन व बुआ बेहोश हो गईं। इस बीच देर रात किशोरी घर से जेवरात व नकदी रखा बक्सा लेकर कुलदीप के साथ चली गई थी।
सुबह पेट्रोल पंप से ड्यूटी कर जब पिता घर पहुंचा तभी परिजन को होश आया। इसके बाद पता चला बेटी चली गई है। परिजन ने उसे तलाश किया पर पता नहीं चला। 29 मार्च को पिता ने गांव में स्थित पुलिस चौकी पर जाकर शिकायत की।
इस पर चौकी इंचार्ज ने थाने में तहरीर देने की सलाह देकर उन्हें टरका दिया। 30 मार्च को पुलिस ने किशोरी के अपहरण के आरोप में नाबालिग प्रेमी सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसके बाद पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया। तब से पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी।
बृहस्पतिवार को आरोपी की निशानदेही पुलिस ने मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कुम्हौली के अंत्येष्टि स्थल के सामने काली नदी की झाड़ियों से एक बोरी से युवती का शव बरामद कर लिया। शव बुरी तरह सड़ चुका था। उसकी पहचान के लिए माता-पिता को बुलाया गया।
उन्होंने कपड़ों से बेटी की शिनाख्त की और नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक पर लापरवाही के आरोप लगाए। किशोर ने बताया कि 28 मार्च की रात को वह किशोरी को खेत में ले गया था। वहीं उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।
शव को बोरी में रखकर बाइक से काली नदी के किनारे ले जाकर फेंक दिया था। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि जल्द घटना में दो ही लोगों की भूमिका सामने आई है। तीसरे आरोपी का नाम जांच में सामने नहीं आया है। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
