भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम के न पहुंचने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, कहा- पार्टी में सब ठीक नहीं
1 min read
लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी कार्यालय नहीं गए। इससे साफ है कि सत्ता और संगठन के बीच कुछ अलग चल रहा है। प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यालय न जाना साबित करता है कि अंदरखाने में असंतोष है। उन्होंने कहा कि मुख्मयंत्री बाहर थे तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी जोड़ा जा सकता था। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं। प्रयागराज और लखनऊ में युवाओं पर लाठीचार्ज तथा 69,000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों संघर्ष कर रहे हैं। अजय राय ने वाराणसी में गौवंश की दुर्दशा का एक वीडियो दिखाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में गौमाता के गोवंश को कुत्ते नोच रहे हैं। इस पर सरकार जवाब दे। अजय राय ने बताया कि कांग्रेस पार्टी समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की जयंती पर अधिवक्ता सम्मेलन करेगी। शुक्रवार को होने वाले सम्मेलन में राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद शामिल होंगे। राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा देश को बनाने और आगे बढ़ाने का काम करती रही है।
