Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : करोड़ों की रकम हड़पकर बैंककर्मी फरार, 7 पूर्व कर्मचारियों पर FIR दर्ज

1 min read

आजमगढ़। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भारत फाइनेंसियल इंक्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक की 100% सहायक संस्था) के सात पूर्व कर्मचारियों पर महिला ग्राहकों से ऋण की किश्तें और प्री-पेमेंट की रकम लेकर बैंक में जमा न कर हड़प लेने का आरोप लगा है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक अमित तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थना पत्र के अनुसार आरोपी कर्मचारी फील्ड कलेक्शन स्टाफ के रूप में कार्यरत थे और अलग-अलग क्षेत्रों में महिला समूहों से साप्ताहिक किस्त एवं अग्रिम भुगतान वसूलते थे, लेकिन उक्त धनराशि बैंक में जमा न कर स्वयं उपयोग में ले ली। आरोपियों में प्रमोद कुमार पाल, ठाकुर कुमार भारती, राजकुमार रमा, संजय यादव, प्रदीप कुमार यादव, चन्दन सरोज और आलोक कुमार दुबे शामिल हैं। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। इनमें ठाकुर कुमार भारती पर सबसे अधिक करीब 10.89 लाख रुपये हड़पने का आरोप है, जबकि अन्य कर्मचारियों द्वारा भी हजारों से लाखों रुपये तक की धनराशि गबन की गई है। शाखा प्रबंधक के अनुसार इस फर्जीवाड़े का खुलासा कंपनी की ऑडिट टीम द्वारा फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान हुआ। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित कर्मचारी ग्राहकों से पैसा लेने के बाद उसे बैंक में जमा नहीं कर रहे थे और बाद में फरार हो गए। काफी प्रयास के बावजूद जब आरोपियों ने रकम वापस नहीं की, तब मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना में तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *