जन्मदिन की पार्टी के दौरान जिम के अंदर तीन युवकों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
1 min read
बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक जिम में चल रही बर्थडे पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सुभाष रोड स्थित जिम में आयोजित पार्टी के दौरान बर्थडे बॉय और उसके साथियों पर अपने ही तीन दोस्तों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्टी में डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान मनीष, आकाश और अमरदीप ने मजाक में बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे वह नाराज हो गया। बात बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज और फिर हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तमंचे निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मनीष, आकाश और अमरदीप मौके पर ही गिर पड़े और अधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच तेज कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जिम को सील कर फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक आपस में रिश्तेदार थे और एक ही परिवार से जुड़े थे, जिससे घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
