कांस्टेबल पत्नी ने सिपाही पति पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, शादी के पहले के भी राज खोले
1 min read
गोंडा। गोंडा जिले में तैनात सीतापुर निवासी एक महिला कांस्टेबल ने सिपाही पति पर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को तहरीर देकर आरोपी पति के उत्पीड़न से बचाने की गुहार लगाई है। एसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित पत्नी का आरोप है कि शादी होने के बाद से यूपी 112 में तैनात पति उसे लगातार परेशान करने के साथ ही गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ मारपीट करता है। पीड़िता वर्तमान में जिले के महिला थाने में कांस्टेबल पद पर तैनात है। बताया कि पति दीपक कुमार यूपी-112 में बतौर कांस्टेबल कार्यरत हैं। आरोप लगाया कि बीती 29 सितंबर को करीब एक बजे पति दीपक ने घर पहुंच कर गर्भवती होने के बावजूद अप्राकृतिक तरीके से संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद से वह अलग किराए का मकान लेकर रहने लगा है। पीड़िता का आरोप है कांस्टेबल पति दीपक के कई महिलाओं से संबंध हैं। ऐसे में वह लगातार परेशान कर रहा है। पीड़िता ने एसपी से आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी विनीत जायसवाल के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अफसरों की माने तो पति पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दिसंबर 2023 को आरोपी पति ने अपने भाई हरि प्रसाद की मदद से छत से नीचे भी फेंक दिया था। इससे उसका दाहिना हाथ व जबड़ा टूट गया था तब वह आरोपियों के भय से पुलिस में शिकायत नहीं कर सकी थी। ससुराल जाने पर भी उसे कमरे में बंद कर पीटा जाता था।
पीड़िता ने बताया कि पिछले साल 11 अगस्त 2023 को पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करनैलगंज के एक मंदिर में दोनों ने शादी की थी। इसके बाद से दोनों साथ रह रहे थे। दोनों के बीच अगस्त 2022 से दोनों प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। सिपाही पत्नी का यह भी आरोप है कि शादी के पहले ही आरोपी ने उसके साथ लखनऊ के एक होटल में जबरन संबंध बनाए थे बाद में शादी से इंकार करने लगा। बड़ों अफसरों के हस्तक्षेप के बाद ही उन दोनों की शादी हो सकी थी।
