बिटक्वाइन में निवेश के नाम पर सिपाही से ठगी, महिला ने व्हाट्सएप पर किया संपर्क… उड़ा लिए 13.33 लाख
1 min readलखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग में तैनात सिपाही अभिषेक सिंह से बिटक्वाइन में निवेश के नाम पर साइबर जालसाजों ने 13.33 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार अभिषेक ने 21 जनवरी को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। देवरिया के देवसिया बांगर निवासी अभिषेक सिंह इंदिरानगर के शक्तिनगर इलाके में रहते हैं। उनके मुताबिक 13 जनवरी को एलेना बख्शी नाम की एक महिला ने व्हाट्सऐप पर संपर्क किया। महिला ने फ्लिपकार्ट कंपनी में बिटक्वाइन के तहत निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने की बात कही।
निवेश के लिए उनके पास एक लिंक भेजा गया। उन्होंने जब भेजे गए लिंक को खोला तो अनाहिता ग्रेस नाम की महिला की आईडी खुली। उसके बाद उन्होंने एक हजार रुपये का निवेश किया तो उनको 1300 रुपये मिले।
दोबारा 6500 रुपये निवेश करने पर उनको 7150 रुपये का मुनाफा हुआ। इसके बाद अभिषेक सिंह से अर्जुन सिंह नाम के एक व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने और रुपये निवेश करने के लिए कहा और VIP PREMIUM GROUP से जोड़ा गया।
14 अलग-अलग खातों में जमा कराई रकम
पीड़ित अभिषेक सिंह के अनुसार आरोपियों ने धीरे-धीरे कर 14 अलग-अलग खातों में 13.33 लाख रुपये उनसे निवेश करा लिए। उन्होंने जब अपने रुपये निकालने का प्रयास किया तो रुपये नहीं निकल गए। उन्होंने जालसाजों से संपर्क किया तो उन लोगों ने 6.65 लाख रुपये की डिमांड की। अभिषेक को शक हुआ तो आरोपियों ने बताया कि उनकी वेबसाइट भारत में पंजीकृत है। छानबीन करने पर उनको पता चला कि निवेश के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। ऑनलाइन शिकायत करने के साथ ही उन्होंने 21 जनवरी को साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
