बड़े भाई की हत्या के 12 घंटे बाद छोटे ने खुद को मारी गोली
1 min read
रविवार रात पानी लगाने गए युवक की धारदार हथियार से की गई थी हत्या
फतेहपुर। खेत पर रविवार रात पानी लगाने गए युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्याकांड के करीब 12 घंटे बाद छोटे भाई ने पिता की दोनाली बंदूक से खुद के पेट में गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिला अस्पताल से घायल को कानपुर हैलट रेफर किया गया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में बड़े भाई की हत्या में छोटा भाई संदेह के घेरे में है। सर्विलांस टीम कई नंबरों की जांच में जुटी है। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर निवासी वीरेंद्र सिंह का पुत्र उदय प्रताप उर्फ राम सिंह (35) किसान था। वह तीन साल पहले सऊदी से लौटा था और गांव में रहता था। उसकी पत्नी एक बेटे संग मायके कौशांबी में रहती है। इधर, करीब तीन माह पहले राम सिंह का छोटा भाई श्याम सिंह भी सउदी से लौटा है। दोनों भाई गांव में खेती करते हैं। घर से राम सिंह और श्याम सिंह रविवार रात करीब 10 बजे खेत पर पानी लगाने गए थे। बिजली न होने पर श्याम घर लौट आया था। करीब रात 12 बजे श्याम ने बड़े भाई को फोन किया। फोन न उठने पर पिता से बताया। पिता ने भी फोन मिलाया। कोई जवाब नहीं आने पर पिता को लेकर श्याम, भाई की तलाश में रात करीब एक बजे कोटेदार के नलकूप पहुंचे। नलकूप में चारपाई पर राम सिंह का रक्तरंजिश शव पड़ा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उसके गले में धारदार हथियार का निशान था। परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया। पुलिस ने भाई श्याम सिंह की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। मौके पर एएसपी विजय शंकर मिश्र, फोरेंसिक, सर्विलांस, एसओजी समेत कई टीमें पहुंची। टीमों ने श्याम सिंह को नलकूप में बुलाकर घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। घटनास्थल पर सर्विलांस टीम मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। इसी दौरान सोमवार दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच श्याम सिंह ने खुद को गोली मार ली। श्याम को जिला अस्पताल लाया गया। गोली पेट के ऊपरी हिस्से में लगी है। हालत गंभीर देखकर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक को कब्जे में लिया है। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि हत्या किसने की है, यह अभी साफ नहीं है। प्रारंभिक पूछताछ पर भाई श्याम सिंह पर संदेह जताया जा रहा है। उस पर पूछताछ के दौरान ही संदेह हुआ है। कुछ साक्ष्य भी उसके खिलाफ मिल रहे हैं। लोगों से पूछताछ की जा रही है।