फरवरी के महीने में मार्च जैसी गर्म हवाएं, वाराणसी रहा सबसे गर्म जिला, मौसम विभाग ने जारी किए पूर्वानुमान
1 min read
लखनऊ। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शनिवार को मौसम शुष्क और साफ रहा है। रविवार को भी इसी तरह का मौसम रहने के आसार है है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलेगी, हालांकि, सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जबकि रात में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई जिलों में इस समय अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार उतार- चढ़ाव देखा जा रहा है। यही वजह है कि लोगों को दिन में तेज धूप और हल्की गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग की माने तो बीते दो दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम सामान्य हो गया है। अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी, जिससे गर्मी का असर बढ़ सकता है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम के अनुसार अपनी खेती और फसलों की देखभाल करें। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढ़ने व घटने के आसार है। बारिश होने की संभावना नहीं है।
