अखिलेश बोले- विफलता छिपाने के लिए उछाला जा रहा है औरंगजेब का मुद्दा, मायावती ने कहा-कब्र तोड़ना ठीक नहीं
1 min read
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए संभल और औरंगजेब जैसे मुद्दे उछाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और अपराध चरम पर है। सत्ता के संरक्षण में दबंगों, अराजक तत्वों और अपराधियों के हौसले बढ़े हुए है। शाहजहांपुर में पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बरेली में डीएसपी का घर और गाड़ी जला दी गयी। उन्नाव में युवक की हत्या हो गई। जेल के अधिकारी अपने ही अधिकारी पर आरोप लगा रहे हैं। उनकी शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अखिलेश ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार पुलिस से गलत काम करा रही है। भाजपा ने उपचुनाव में पुलिस के जरिये बूथों को लूटा है। भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि सरकार को नागपुर के अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, नहीं तो हालात बिगड़ सकते हैं। उन्होंने मंगलवार को जारी अपने बयान में कहा कि महाराष्ट्र में किसी की कब्र व मजार आदि को क्षति पहुंचाना और तोड़ना ठीक नहीं है। इससे वहां आपसी भाईचारा, शांति व सौहार्द बिगड़ रहा है।
