कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर लाठी और पत्थरों से जानलेवा हमला, नायब तहसीलदार घायल
1 min read
अमेठी। जिला मुख्यालय गौरीगंज नगर पालिका परिषद के माधवपुर वार्ड में बुधवार को अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और पथराव में नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी सहित शिकायतकर्ता घायल हो गए। हमला उस समय हुआ जब टीम चक रोड से टिन शेड हटाने पहुंची थी। हमलावरों ने सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
माधवपुर निवासी भोलानाथ सिंह ने बताया कि खेत तक जाने वाले चक रोड को टिन शेड रखकर अवरुद्ध कर दिया गया था। कई शिकायतों के बाद मंगलवार को एसडीएम प्रीति तिवारी की अगुवाई में राजस्व टीम कार्रवाई को पहुंची थी। टीम में नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी, कानूनगो संतोष सिंह, लेखपाल मनीष सरोज, गौरव यादव, कुलदीप यादव, रंजीत यादव, अनूप गुप्ता और सिराज अहमद शामिल थे। जैसे ही टीम ने अवैध निर्माण हटाना शुरू किया, ग्रामीणों ने महिलाओं और पुरुषों को एकत्र कर हमला बोल दिया।
अचानक हुए पथराव और लाठीचार्ज में टीम के सदस्य घायल हो गए। किसी तरह जान बचाकर टीम ने वहां से भाग कर कोतवाली पहुंचकर शरण ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। घायल नायब तहसीलदार और शिकायतकर्ता का उपचार कराया गया है। मामले में एएसपी शैलेंद्र कुमार सहित कई थानों की फोर्स गौरीगंज थाने पहुंची। गौरीगंज थाने में एसडीएम प्रीति तिवारी व अन्य अफसर बैठकर बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहे है। पूरे मामले से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसडीएम की अगुवाई में टीम बिना पुलिस बल के अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। स्थानीय विरोध को देखते हुए पहले से सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिससे स्थिति बिगड़ गई। हमले में अधिकारी घायल हुए और जान बचाकर भागना पड़ा।
एडीएम अर्पित ने बताया कि बुधवार को अतिक्रमण हटवाने गई एसडीएम और नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता हुई है। गाड़ियों पर पथराव किया गया। घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सरकारी काम में बाधा, पांच हिरासत में
एएसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व टीम पर हमला कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई है। सूचना मिलते ही फोर्स भेजा गया। पांच लोग हिरासत में हैं, जांच के आधार पर विधिक कदम उठाए जा रहे हैं।
