राम मंदिर ट्रस्ट के नए सदस्य ने संभाला कामकाज, महासचिव चंपत राय ने सौंपा नियुक्ति पत्र
1 min read
अयोध्या। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सदस्य कृष्ण मोहन सोमवार को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले रामलला का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी गए, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। ट्रस्ट की ओर से कृष्ण मोहन को राम दरबार परिसर में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। उन्हें यह दायित्व ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने प्रदान किया।
बीते नौ सितंबर को अयोध्या में हुई ट्रस्ट की बैठक में उन्हें सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। कृष्ण मोहन हरदोई के निवासी हैं और दिवंगत ट्रस्ट सदस्य कामेश्वर चौपाल के ही समाज से आते हैं। मीडिया से बातचीत में कृष्ण मोहन ने कहा कि वह राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और राम दरबार की स्थापना में अपने पूरे परिवार के साथ यजमान के रूप में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, वह उसका शत-प्रतिशत निर्वहन करेंगे। कृष्ण मोहन ने कहा कि राम मंदिर का संघर्ष काल बहुत लंबा रहा है। इस दौरान कई लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। आज जब राम मंदिर भव्य स्वरूप में खड़ा है, तो यह सभी श्रद्धालुओं के लिए गर्व का विषय है। बावन मंदिर में उनका सम्मान हुआ और संतों ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
