आजमगढ़ पुलिस ने 19 माह में बरामद किए 2172 मोबाइल फोन, सितंबर में 104 फोन लौटाए
1 min read
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक और उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। माह सितंबर 2025 में पुलिस ने 104 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे।
इस अभियान की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई थी, जिसके तहत नागरिकों द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायत CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जाती है। सीसीटीएनएस प्रभारी, आजमगढ़ को इन शिकायतों के आधार पर मोबाइल बरामद करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2024 से अगस्त 2025 तक कुल 2068 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 3 करोड़ 83 लाख रुपये है, बरामद कर स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। सितंबर 2025 में 104 और फोन बरामद किए गए, जिससे पिछले 19 माह में बरामद मोबाइल फोनों की कुल संख्या 2172 हो गई है, जिनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 5 लाख रुपये है।
आज, 05 अक्टूबर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में सितंबर माह में बरामद 104 एंड्रॉयड मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने इस अभियान की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आजमगढ़ पुलिस नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि गुमशुदा मोबाइल की शिकायत CEIR पोर्टल पर दर्ज करें ताकि बरामदगी की प्रक्रिया को और तेज किया जा सके।
