टीईटी अनिवार्यता को लेकर पूरे देश में आंदोलन की तैयारी, 12 अक्तूबर को तमिलनाडु में होगी बैठक
1 min readलखनऊ। सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य किए जाने के बाद देश भर के शिक्षक आंदोलन तेज करने की तैयारी में हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की 12 अक्तूबर को मदुरई, तमिलनाडु में बैठक होगी।
इसमें देश के सभी राज्यों के शिक्षक प्रतिनिधि भाग लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक में शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता को लेकर आगे के आंदोलन की रणनीति बनेगी। टीईटी अनिवार्यता से जुड़ी जटिलताओं पर केंद्र सरकार को कैसे समाधान निकालने के लिए तैयार जाए, इस पर मंथन किया जाएगा।
इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के शिक्षकों के लिए समान वेतन आयोग लागू करना, पुरानी पेंशन की बहाली, विभिन्न राज्यों में खाली पदों को भरने, 8वें वेतन आयोग पर त्वरित कार्यवाही के लिए चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक में इन सभी मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन की रणनीति व तिथि भी तय की जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल नरही, लखनऊ में दोपहर 12 बजे से आहूत की गई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि बैठक में शिक्षकों के मुद्दे पर अगले चरण का आंदोलन घोषित किया जाएगा। वहीं आगामी स्नातक व शिक्षक खंड निर्वाचन चुनाव की रणनीति भी बनाई जाएगी।
