अखिलेश यादव बोले: खाद संकट से जूझ रहे हैं प्रदेश के किसान, यूरिया की कालाबाजारी में शामिल हैं भाजपा के लोग
1 min read
लखनऊ। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को लगातार खाद संकट से जूझना पड़ रहा है। धान के बाद अब गेहूं और अन्य फसलों की बोआई के लिए खाद नहीं मिल रही है। डीएपी और एनपीके के लिए भी किसान भटक रहे हैं।
अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि लखीमपुर खीरी, महोबा, फतेहपुर, बदायूं और अमेठी समेत अन्य जिलों में सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी लाइनें लग रही हैं। खाद संकट कम नहीं हो रहा है। खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी जारी है। इस गोरखधंधे में भाजपा के लोग शामिल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी साजिश के तहत किसानों को खेती और उनकी जमीनों से दूर कर रही है। महोबा में हजारों किसान खाद के लिए सहकारी समितियों पर पहुंचे, लेकिन सिर्फ कुछ लोगों के अलावा किसी को खाद नहीं मिली। लखीमपुर में सहकारी समितियों पर खाद नहीं पहुंची। 2027 में भाजपा सत्ता से हटेगी, तभी किसानों की समस्याओं का समाधान होगा।
