आजमगढ़: व्यापक पुलिसिंग अभियान से शहर में सुरक्षा का संदेश, संदिग्धों की चेकिंग, जनता से संवाद
1 min read
आजमगढ़। जनपद में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पूरा दिन व्यापक पुलिसिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्षेत्रों में पैदल गश्त की और संदिग्ध व्यक्तियों-वाहनों की सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान मुख्य बाजार, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थल और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सीधा संवाद कर उन्हें शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधिक तत्वों में भय पैदा करना और आम नागरिकों में विश्वास व सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा, “पुलिस जनता की ढाल है और हम हर हाल में जनपद को सुरक्षित बनाए रखेंगे।”
