आजमगढ़ में लगे मकान बिकाऊ के पोस्टर, प्रॉपर्टी डीलरों की ठगी से उपजा संकट, सैकड़ों परिवार मूलभूत सुविधाओं से हुए वंचित
1 min read
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज के पीछे स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी इन दिनों गहरे संकट से गुजर रही है। प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बेची गई प्लॉटों के बीच बने रास्तों को लेकर दो पक्षों में इतना तीखा विवाद हो गया है कि दोनों ने एक-दूसरे के रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए। नतीजतन, कॉलोनी के सैकड़ों परिवार रोजमर्रा की जिंदगी में मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित हो गए हैं।
कॉलोनीवासियों की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि रास्ते बंद होने से बच्चों को स्कूल छोड़ना, दुकान से सामान लाना या एम्बुलेंस तक बुलाना मुश्किल हो गया है। कई घरों तक दोपहिया वाहन भी नहीं पहुंच पा रहे। स्थानीय अधिवक्ता सुनील कुमार ने बताया, “डीलरों ने मानचित्र में रास्ते दिखाए थे, लेकिन असल में कोई स्पष्ट मार्ग नहीं छोड़ा। अब हम फंस गए हैं और डीलर गायब हैं।” आक्रोशित निवासियों ने अपने घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के बड़े-बड़े पोस्टर लगा दिए हैं, ताकि प्रशासन की नींद टूटे।
कॉलोनीवासियों ने कई बार नगर निगम और पुलिस से लिखित शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब लोगों की एकमात्र मांग है कि प्रशासन तुरंत सर्वे करवाए और वैध रास्तों को कानूनी मान्यता दे। निवासियों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम और बड़े आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे। फिलहाल पूरा मोहल्ला भय और असहायता के साये में जीने को मजबूर है।
