कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय: ‘सबसे ज्यादा घुसपैठिए गोरखपुर में मिलेंगे, केंद्र सरकार कराए जांच’
1 min read
मुरादाबाद। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को लेकर विवादित बयान दिया। कहा कि गोरखपुर में पहला डिटेंशन सेंटर खुला है। केंद्र सरकार जांच कराएं, वहां सबसे ज्यादा घुसपैठिए मिलेंगे। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग और सरकार मिलजुल कर एसआईआर अभियान चला रहे हैं। आरोप लगाया कि शासन के दबाव के चलते मुरादाबाद में शिक्षक एवं बीएलओ सर्वेश सिंह ने फांसी लगा ली थी। एक शिक्षिका को ब्रेन अटैक पड़ा। बरेली और बदायूं में भी बीएलओ के साथ घटनाएं हुई हैं। योगी सरकार अब समय बढ़ाने के लिए छटपटा रही है। पता चला है कि अभियान में जब भाजपा के वोट कटने लगे हैं तो आयोग ने थोड़ा समय बढ़ाया है। वैसे आम जनता को राहत देने के लिए चुनाव आयोग को एसआईआर का समय छह माह तक बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने विवादित बयान दिया कि प्रदेश में पहला डेस्टिनेशन सेंटर गोरखपुर में खोला गया है। वह केंद्रीय गृह मंत्री से मांग करेंगे कि केंद्र सरकार गोरखपुर की जांच कराएं सबसे अधिक घुसपैठिये वहीं मिलेंगे, जहां योगी रहते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि योगी सरकार कोडीन तस्करों को बचा रही है। आरोपियों को संरक्षण दे रही है। मुख्यमंत्री आरोपियों को साथ लेकर घूमते हैं। पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने जब कोडीन तस्करों के नाम को उजागर किया तो उनको 26 साल पुराने मामले में जेल भेजा गया। सवाल उठाया कि 26 साल तक पुलिस क्या कर रही थी। कांग्रेसी ऐसे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करेगी। वह खुद 18 दिसंबर को अमिताभ ठाकुर से मिलेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की ऐतिहासिक रैली हुई है। रैली के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी ने अपशब्द नहीं बोला था। दिल्ली में वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा लगा था। आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री खुद वोट चोरी की वजह से चुनाव जीते हैं।
