ठंड और कोहरे की चपेट में प्रदेश, कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी, सोमवार को बंद रहेंगे स्कूल
1 min read
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। रविवार को प्रदेश के पश्चिम व तराई के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ी। कोहरे के प्रकोप के साथ गलन भरी पछुआ ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। जिन इलाकों में धूप हुई, वहां भी गलन हावी रही। कानपुर, इटावा, बाराबंकी, शाहजहांपुर, बरेली, हरदोई आदि जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री या इससे नीचे दर्ज हुआ। 3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 13 जिलों में घने कोहरे का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 22 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट यानी शीत दिवस होने की आशंका जताई है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को कानपुर और इटावा में आंशिक शीतलहर जैसे हालात होने की संभावना है। पहाड़ों से आ रही पछुआ के असर से प्रदेश भर में कई जिलों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट के आसार हैं।
इन जिलों में है घने कोहरे का आॅरेंज अलर्ट
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, बिजनोर मुरादाबाद, रामपुर बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में।
यहां है शीत दिवस की संभावना
कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर व आसपास के इलाकों में।
राजधानी में सर्द पछुआ का सितम, 6 डिग्री पर पहुंचा रात का पारा
राजधानी में गलन भरी सर्द पछुआ हवाओं का सितम जारी है। शनिवार और रविवार के बीच की रात को तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आई और कोहरे के प्रकोप के साथ ठंड का असर अपने चरम पर रहा। रविवार को सुबह कोहरे के बाद दिन चढ़ने पर थोड़ी देर के लिए गुनगुनी धूप खिली जो बेअर रही। दिन के तापमान में कोई खास बदलाव तो नहीं आया लेकिन रात के तापमान में आई इतनी बड़ी गिरावट चर्चा का विषय रही।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी और सूखी पछुआ हवाओं के कारण यह बदलाव हुआ है। दिन में तेज ठंडी हवाएं, कोहरा और धूप बेअसर होने से शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रही। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलने से तापमान सामान्य से कम रह सकता है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान बिना बदलाव के 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री की बड़ी गिरावट के साथ 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
