आजमगढ़ : नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर आजमगढ़ में हुआ ब्लैकआउट मॉकड्रिल
1 min read
आजमगढ़। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर जनपद आजमगढ़ में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा पुलिस लाइन परिसर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। सायं 6 बजे ऊंची-नीची चेतावनी सायरन बजते ही पुलिस लाइन सहित आसपास के क्षेत्रों और पूरे शहर की लाइटें बंद कर आपात स्थिति का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया। अंधेरे की स्थिति में गश्त, सुरक्षा घेरा, संचार व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों की निगरानी का अभ्यास कराया गया। हवाई हमले की स्थिति में आग बुझाने हेतु अग्निशमन विभाग द्वारा बड़े वाहनों व सिलेंडरों के माध्यम से कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्र, एनसीसी, एनएसएस, नागरिक सुरक्षा कोर एवं नेहरू युवा केंद्र के वॉलिंटियर्स ने घायलों के राहत-बचाव, प्राथमिक उपचार, अस्पताल पहुंचाने और शेल्टर होम तक सुरक्षित पहुंचाने का अभ्यास किया। साथ ही लोगों को हवाई हमले के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी गई। ब्लैकआउट मॉकड्रिल में विद्युत, नगर विकास, स्वास्थ्य, अग्निशमन सहित आपदा से जुड़े सभी विभागों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभ्यासों का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, सीओ सदर आस्था जायसवाल, अग्निशमन अधिकारी विवेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
