आजमगढ़ : संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला युवक का शव
1 min read

आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भकुराचांदी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजय उर्फ श्रीकांत (30 वर्ष) पुत्र राम प्रसाद निवासी सतनहर गांव, थाना रानी सराय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले छह महीनों से अपने बड़े भाई के ससुराल भकुराचांदी गांव में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, बीती रात करीब आठ बजे जब वे युवक को खाना खाने के लिए छत पर बुलाने गए, तो वहां का दृश्य देख सन्न रह गए। अजय का शव छत पर दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था। यह देख परिजनों ने शोर मचाया और आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक थाने में किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई थी।
