Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़: स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित हेरा चाइल्ड सेंटर को किया सील

1 min read

आजमगढ़। जनपद में अवैध एवं अनियमित रूप से संचालित चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को बिलरियागंज स्थित हेरा चाइल्ड सेंटर पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उक्त सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार ने किया। उनके साथ पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज के चिकित्सक डॉ. निलेश भी मौजूद रहे। निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर में लगभग पाँच बेड पर नवजात शिशुओं का उपचार किया जा रहा था, जबकि मौके पर कोई भी अधिकृत अथवा योग्य चिकित्सक उपस्थित नहीं था। इसके अलावा प्रतिष्ठान के पास वैध पंजीकरण भी नहीं पाया गया। अग्निशमन सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण एवं बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण से संबंधित मानकों का भी खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था। गौरतलब है कि हाल ही में लालगंज क्षेत्र में एक बच्चे की मृत्यु की घटना के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा गैर-पंजीकृत, अनधिकृत एवं अप्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा संचालित चिकित्सकीय संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल हेरा चाइल्ड सेंटर को पूर्ण रूप से सील कर दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय संस्थानों का ही चयन करें।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *