Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : आगामी त्योहारों को लेकर जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

1 min read

होली पर जबरन रंग व शराब पीकर अभद्रता पर होगी सख्त कार्रवाई, अफवाहों से दूर रहने की अपील

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाशिवरात्रि, रमजान, होलिका दहन, होली, नवरात्रि एवं रामनवमी जैसे प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होलिका दहन के आयोजन में किसी भी प्रकार का विवाद न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के दिन किसी को भी जबरदस्ती रंग न लगाया जाए तथा शराब पीकर किसी भी प्रकार की अभद्रता न की जाए। पुरानी रंजिश के चलते यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि होलिका दहन स्थलों से जुड़े विवाद आपसी संवाद से सुलझाए जाएं। महाशिवरात्रि के अवसर पर तमसा नदी के जिन घाटों से जल उठाया जाता है, वहां आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड एवं बैरिकेटिंग लगाई जाए तथा मंदिरों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जनपद के लगभग 250 मंदिरों में शिवरात्रि पर जलाभिषेक को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे, अलग प्रवेश एवं निकास द्वार तथा महिलाओं की सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सड़कों की मरम्मत, नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, मेले में पार्किंग शुल्क निर्धारित करने, अवैध वसूली रोकने तथा डीजे की आवाज उच्चतम न्यायालय के निर्धारित डेसीबल मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। होलिका दहन के दिन निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा फायर विभाग के सभी कर्मियों की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगाने को कहा गया। दमकल वाहनों एवं चालकों के मोबाइल नंबर कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

रमजान के दौरान नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शरारती तत्वों को चिन्हित कर पाबंद किया जाए तथा आयोजकों के सहयोग से पुलिस ड्यूटी लगाई जाए। डीजे संचालन न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप हो तथा होली पर किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *