सोशल मीडिया पर छाया IPS कपल: बिश्नोई-अंशिका की शादी का कार्ड और तस्वीरें वायरल, साथ किया काम, अब लेंगे फेरे
1 min read

मुरादाबाद। यूपी पुलिस के दो तेजतर्रार आईपीएस अफसर जल्द ही जीवनसाथी बनने जा रहे हैं। संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली में तैनात आईपीएस अंशिका वर्मा की शादी का कार्ड और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। यूजर लगातार शादी पर चर्चा कर रहे हैं। राजस्थान के बाड़मेर निवासी और संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का विवाह बरेली में एसपी दक्षिणी के पद पर तैनात आईपीएस अंशिका वर्मा से होने जा रहा है। दोनों आईपीएस अफसरों का तीन दिवसीय वैवाहिक समारोह 28 मार्च से शुरू होगा। कार्यक्रम के मुताबिक 28 मार्च को बाड़मेर स्थित कृष्ण निवास में बारात पहुंचेगी। इसके बाद 29 मार्च की सुबह विदाई का कार्यक्रम होगा। 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें यूपी के कई नेता, प्रशासनिक और पुलिस सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। संभल में अपनी सख्त कार्यशैली और तेजतर्रार फैसलों के कारण चर्चा में रहने वाले कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस और राजस्थान के बाड़मेर के मूल निवासी हैं। हाल ही में होली के दौरान उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह बरेली में एसपी दक्षिणी के रूप में तैनात हैं। इससे पहले वह गोरखपुर में एएसपी के पद पर कार्य कर चुकी हैं।
