Latest News

The News Complete in Website

आज़मगढ़ : प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, दो आरोपी गिरफ्तार

1 min read

आजमगढ़। जनपद के थाना कोतवाली पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद ₹6,900 बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र के निवासी अभिषेक यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात संजय कुमार भारद्वाज से हुई। आरोपी ने खुद को कोचिंग संचालक बताते हुए आर्मी, पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का झांसा दिया। यूपीएसआई परीक्षा पास कराने के नाम पर उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई और शुरुआत में 50 हजार रुपये ले लिए गए। साथ ही, एक कथित “टॉप सीक्रेट” प्रश्नपत्र भी दिया गया, जो परीक्षा में मेल नहीं खाया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ। इस मामले में थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 17 मार्च की सुबह करीब 8:15 बजे पुरानी जेल बंधा रोड से दोनों आरोपियों—संजय कुमार भारद्वाज (42) निवासी कुतूपुर थाना जहानागंज, आजमगढ़ और अजीत कुमार (34) निवासी कमथरी नूरपुर थाना चिरैयाकोट, मऊ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अभ्यर्थियों को झांसा देकर पैसे ऐंठते थे और बाजार से खरीदे गए मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर देते थे। वादी से ली गई रकम आपस में बांट ली गई थी, जबकि बरामद नकदी उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजीत कुमार के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *