Latest News

The News Complete in Website

चोरी का विरोध करने पर महिला पर जानलेवा हमला

1 min read

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव में शुक्रवार की देर रात चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विदेश में रहकर रोजी-रोटी कमाने वाले रमेश यादव के घर को निशाना बनाया। चोरी के दौरान घर की महिला के जाग जाने पर बदमाशों ने उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, सिंघड़ा गांव निवासी रमेश यादव पुत्र सिट्ठू यादव रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर उनके घर के चैनल का 

ताला तोड़कर अंदर घुस गए। बताया जाता है कि चोरों ने सबसे पहले उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया, जिसमें घर के बच्चे सो रहे थे। इसके बाद वे दूसरे कमरे में पहुंचे, जहां टांड (पटनी) पर रखा बक्सा और अटैची उतारने लगे। उसी कमरे में सो रही रमेश यादव की पत्नी रीना यादव की आहट से नींद खुल गई। जैसे ही उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया, चोरों ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार, घर में रखी कुल्हाड़ी (टांगी) से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद बदमाश बक्सा और अटैची लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के कुछ समय बाद जब घायल महिला को होश आया तो उन्होंने पड़ोसियों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। शनिवार सुबह पुलिस जांच के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद हुई। वहीं लगभग 500 मीटर दूर सिवान क्षेत्र में बक्सा और अटैची भी मिली। पुलिस ने बरामद सामान और हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *