वाहन की चपेट में आने से इंचार्ज की मौत
1 min readआजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कस्बा लालगंज में बीती रात नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जिओ पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज सोनकर (36) पुत्र मिठाई लाल निवासी सिविल लाइन वार्ड नंबर-11, लालगंज, काफी समय से लालगंज स्थित इंडियन गैस गोदाम में गोदाम इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को वह अपने स्टाफ के एक मित्र के यहां गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उबारपुर गांव में निमंत्रण में शामिल होने गए थे। देर रात वापस घर लौटते समय जिओ पेट्रोल पंप के समीप उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में मनोज सोनकर के साथ नागेंद्र यादव (38) पुत्र बाबूलाल यादव निवासी कटघर, लालगंज तथा धर्मेंद्र सोनकर निवासी चंदवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। रात अधिक होने और स्थान सुनसान होने के कारण तीनों घायल काफी देर तक सड़क किनारे पड़े रहे। घंटों बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मनोज सोनकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
