आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
1 min readआजमगढ़ के रानी की सराय पुलिस ने ज्वैलरी की दुकानों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने वाली दो शातिर महिलाओं को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के चकसेठवल निवासी मनीष वर्मा ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी ज्वैलरी दुकान पर आई कुछ महिलाओं ने सोना-चांदी देखने के बहाने छलपूर्वक आभूषण बदल दिए और एक जोड़ी चांदी की पायल, सोने के बुद/कील तथा मोती की माला में लगा सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर थाना रानी की सराय में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह कोटिला कट क्षेत्र से किरण देवी पत्नी जगदीश निवासी कैथोली थाना जीयनपुर तथा अनारकली पत्नी धर्मेन्द्र निवासी छपरा सुल्तानपुर थाना जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से 116 ग्राम चांदी की पायल, 10 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण तथा 1060 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि वे ग्राहक बनकर विभिन्न ज्वैलरी दुकानों पर जाती थीं और आभूषण देखने के दौरान मौका पाकर छोटे गहने चोरी कर लेती थीं। चोरी के सामान को बेचकर प्राप्त धनराशि से अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं।
