आजमगढ़ : नगरीय निकायों में विकास कार्यों की कार्ययोजना पर डीएम ने की समीक्षा बैठक
1 min read

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त नगरीय निकायों में कराए जाने वाले विकास कार्यों की कार्ययोजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनटाइड एवं टाइड ग्रांट की प्रथम एवं द्वितीय किश्त के अंतर्गत नगरीय निकायों को आवंटित धनराशि से कराए जाने वाले कार्यों के चयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि इन निधियों का उपयोग जनहित से जुड़े कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा प्रबंधन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों का चयन स्थानीय आवश्यकताओं एवं नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा “मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित अनुपूरक कार्यों पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्रों के विकास के लिए आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव समय से तैयार कराकर स्वीकृति हेतु अग्रसारित किए जाएं, जिससे नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को और मजबूत किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जनपद के समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, नगर निकायों के अध्यक्ष तथा उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
