यूपी में एक और पति की हत्या: पत्नी ने प्रेमी संग रात में दौड़ा-दौड़ाकर मारा, कब्रिस्तान में मिली राजपाल की लाश
1 min read

गढ़मुक्तेश्वर। यूपी के हापुड़ स्थित गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला आदर्श नगर में हुए राजपाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाले तथ्यों का पर्दाफाश किया है। इस हत्या के पीछे कोई बाहरी दुश्मनी नहीं, बल्कि अवैध प्रेम संबंध की साजिश सामने आई है। पुलिस जांच में सामने आया कि राजपाल की पत्नी रजनी और उसके प्रेमी बंटी ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से लाठी से वार कर उसकी हत्या कर दी। सीओ स्तुति सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि घटना 18 मार्च की है, जब राजपाल का शव कब्रिस्तान के पास कंटीले तारों में उलझा हुआ मिला था। प्रारंभ में मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। सीओ ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 17 मार्च की रात को घर में ही राजपाल के मुंह पर डंडे से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान राजपाल अपनी जान बचाने के लिए घर से भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे। भागते-भागते वह कब्रिस्तान के पास कंटीले तारों में उलझ गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और सामान्य व्यवहार करने लगे, ताकि किसी को शक न हो।
पूछताछ में सामने आया सच
पुलिस ने दोनों आरोपियों को संदेह होने पर घर से पूछताछ के लिए बुलाया, जहां घटना की असल सच्चाई सामने आई। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हत्यारोपी प्रेमी बेचता था आइसक्रीम
बंटी और रजनी के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था, जिसका राजपाल कई बार विरोध कर चुका था। आरोपी बंटी ठेला लगाकर आइसक्रीम बेचने का कार्य करता था।
