आजमगढ़ में ईद-उल-फितर को लेकर हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
1 min read

आजमगढ़। जनपद में ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुलिस बल को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
