आजमगढ़ : बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
1 min read

आजमगढ़। जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के नासिरुद्दीनपुर गांव में बच्चों के विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जहां मामूली कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से हमला और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को गांव निवासी इन्दल ने थाना तहबरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बच्चों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें बाद में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दो आरोपियों—जंगबहादुर (34) और प्रवेश कुमार (25) को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
