आजमगढ़: सरायमीर थाने में प्रभारी निरीक्षक कक्ष का उद्घाटन, एसएसपी ने किया जनसंवाद
1 min read

आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना परिसर में शनिवार को नव निर्मित प्रभारी निरीक्षक कक्ष का उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने फीता काटकर कक्ष का लोकार्पण किया और इसके बाद थाना परिसर का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि थानों को जनता के लिए अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर एसएसपी ने थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता के सहयोग को अहम बताया।
इसके साथ ही थाना क्षेत्र के चौकीदारों को अंग वस्त्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एसएसपी ने उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सरायमीर किरनपाल सिंह सहित थाना सरायमीर के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
