आजमगढ़ की बेटी का कनाडा यूनिवर्सिटी में चयन, गांव में खुशी की लहर
1 min read

आजमगढ़ (मेंहनगर)। जनपद मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित सरायभादी गांव की बेटी डॉ. दिव्या यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। अवधेश यादव (प्रेसिडेंट डायरेक्टर, इंडोनेशिया) की पुत्री डॉ. दिव्या का चयन कनाडा की यूनिवर्सिटी में ऑक्यूपेशनल हेल्थ एंड सेफ्टी मैनेजमेंट कोर्स के लिए हुआ है। चयन के दौरान लैम्बटन कॉलेज द्वारा डॉ. दिव्या को ‘एनब्रिज इन्क्लूज़न अवार्ड’ और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही यह खबर गांव सरायभादी में पहुंची, शुभचिंतकों और ग्रामीणों का तांता उनके आवास पर लग गया। शनिवार को मेंहनगर ब्लॉक प्रमुख डॉ. कैलाश यादव, प्रधान रामनवल यादव, पूर्व प्रधान फौजदार यादव, रामबली यादव, अरविंद यादव और अधिवक्ता हरिमिंदर यादव समेत कई लोगों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. कैलाश यादव ने कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है तथा उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान परिवार और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। डॉ. दिव्या को यह सम्मान ‘हन्ना एरोग्लू सेंटर फॉर ग्लोबल एंगेजमेंट एंड एकेडमिक सर्विसेज’ की ओर से प्रदान किया गया। वहीं, डॉ. दिव्या के बड़े पिता कैलाश चंद्र धारी यादव (राष्ट्रीय प्रवक्ता, उत्तर यादव युवा संघ) सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। डॉ. दिव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े पिता को देते हुए कहा कि वह हमेशा कहते थे कि “डॉक्टर ईश्वर का रूप होता है।” इसी प्रेरणा से उन्होंने इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लिया और आज यह उपलब्धि हासिल की।
