आज़मगढ़ : सरायमीर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, तीन गिरफ्तार
1 min read

रायल रेस्टोरेंट के ऊपरी तल पर चल रहा था संचालन, 6 हुक्के व फ्लेवर तंबाकू समेत सामग्री बरामद
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे हुक्का बार विरोधी अभियान के तहत थाना सरायमीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर छापा मारकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हुक्का, फ्लेवर युक्त तंबाकू सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक विद्याकान्त सिंह अपनी टीम के साथ कस्बा सरायमीर क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि खरेवा मोड़ से दीदारगंज रोड स्थित रायल रेस्टोरेंट के द्वितीय व तृतीय तल पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट का प्रथम तल बंद मिला, जबकि द्वितीय तल पर एक कमरे में तीन मेजों पर छह हुक्के लगे हुए थे और कई युवक हुक्का पीते पाए गए। पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे, जिनमें से पुलिस ने तीन व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में मुख्य अभियुक्त आदित्य राय उर्फ अवनीश ने बताया कि वह अपने साथी अशरफ के साथ मिलकर रेस्टोरेंट के ऊपरी तल को किराये पर लेकर हुक्का बार चला रहा था, जबकि अन्य दोनों कर्मचारी वेटर के रूप में कार्य कर रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने 615 ग्राम फ्लेवर युक्त तंबाकू, छह हुक्के, पांच पाइप, छह चिलम, तीन पैकेट कोयला व 480 रुपये नगद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। इस मामले में थाना सरायमीर में धारा 223/271/272 बीएनएस व 4/21 सिगरेट एवं तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
