अस्पताल में झुलसी पत्नी को देख पति को आया हार्ट अटैक, धड़ाम से गिरा, मौत; नवरात्र में हुआ था दर्दनाक हादसा
1 min read
चंदौली। विकास खंड क्षेत्र के टांडाकला गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। मंदिर में दीप जलाते समय आग से झुलसी पत्नी की गंभीर हालत देखकर सदमे में आए पति की अस्पताल में ही दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मंगलवार को जब पति का शव गांव पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, टांडाकला निवासी वीरेंद्र पांडेय (51) की पत्नी किरन पांडेय नवरात्रि के दौरान काली मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई थीं। ब्रह्म बाबा के स्थान पर दीप प्रज्ज्वलित करते समय अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। वहां मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी किरन पांडेय को तत्काल वाराणसी के दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि किरन पांडेय की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। संक्रमण बढ़ने के कारण चिकित्सकों ने उनके दोनों पैर काटने तक की सलाह दी थी, जिससे परिवार गहरे सदमे में था।
इसी बीच मंगलवार सुबह वीरेंद्र पांडेय, जो स्वयं कुछ समय पहले पैर टूटने के कारण बैसाखी के सहारे चल रहे थे, पत्नी का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। बिस्तर पर जिंदगी और मौत से जूझ रही पत्नी की हालत देख वह खुद को संभाल नहीं सके। अचानक उन्हें घबराहट हुई और अस्पताल परिसर में ही दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वीरेंद्र पांडेय कोलकाता में रहकर निजी नौकरी करते थे। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कोलकाता में कार्यरत है, जो अस्पताल में रहकर मां की देखभाल कर रहा है, जबकि छोटा बेटा चेन्नई में मर्चेंट नेवी में है। पिता की अचानक मौत से दोनों बेटों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
