हाथ में प्रेमिका का फोटो और आंसू: माैत से पहले रोते हुए बनाया वीडियो, फिर इस हाल में मिली युवक की लाश
1 min read
एटा। एटा के अलीगंज में थाना जसरथपुर क्षेत्र नथुआपुर तिराहे के पास शनिवार सुबह युवक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। उसकी पहचान बैग में रखे आधार कार्ड से हुई। युवक की इंस्टाग्राम आईडी पर कुछ वीडियो मिले हैं, जिसमें वह प्रेमिका और अपने फोटो को हाथ में लेकर रो रहा है। उसके हाथ में एक रस्सी भी थी। इसी रस्सी से उसने फंदा लगाया। हालांकि परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब के ठेके के पीछे स्थित आम के बाग में युवक फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उतरवाया और निरीक्षण किया। घटनास्थल के पास एक बैग मिला, जिसकी तलाशी लेने पर आधार कार्ड मिला। इससे युवक की शिनाख्त राहुल(20) निवासी ग्राम नयागांव थाना मेरापुर फर्रुखाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजन को सूचना दी। घटना के संबंध में क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। एक ओर जहां प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है, वहीं मृतक के परिजन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक ने मौत से पहले अपने इंस्टाग्राम आईडी पर तीन वीडियो पोस्ट की थीं। वह सोशल मीडिया पर यह वायरल हो रही हैं। इन वीडियो में युवक गानों पर रो रहा है। उसके हाथ में प्रेमिका के साथ फोटो भी है।
चर्चा है कि पास के ही गांव में उसकी बहन की शादी हुई है। वहीं की युवती से उसके प्रेम संबंध थे। उसका फोटो लेकर वह अवसाद में दिख रहा है। घटना के बाद फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। सीओ राजेश सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन से वीडियो मिले हैं, जिसमें प्रेम प्रसंग में आत्महत्या होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
