बाइक को टक्कर मारकर खड़े टैंकर से टकराई एसयूवी कार, पांच लोगों की मौत, तीन घायल
1 min read
बरेली। बरेली के सीबीगंज में बरेली-दिल्ली हाईवे पर रविवार शाम एक अनियंत्रित एसयूवी कार बाइक को टक्कर मारने के बाद किनारे खड़े शीरा भरे खराब टैंकर से पीछे से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार अटा कायस्थान निवासी साहबजाद खां (45) और मुमत्याज खां (65) सहित एसयूवी कार सवार फरीदपुर के नगरिया विक्रम गांव निवासी मनमोहन सिंह (42), पीलीभीत जिले के चक्रतीर्थ कल्याणपुर निवासी सिकंदर (28) और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। एसयूवी चालक प्रिंस और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि परधौली तिराहे के पास शनिवार को शीरे से भरे टैंकर की रोडवेज बस से भिड़ंत हो गई थी। उसके बाद से टैंकर हाईवे किनारे खड़ा था। रविवार शाम लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) कार ने पहले बाइक सवारों को चपेट में लिया, फिर हाईवे किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा टकराई। हादसे में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसयूवी चालक प्रिंस व दो बच्चों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि एसयूवी की तेज रफ्तार घटना की मुख्य वजह रही। उसका स्पीडोमीटर 110 पर रुका हुआ है। इसका मतलब रोकते-रोकते एसयूवी की रफ्तार इतनी रही होगी। टैंकर हाईवे की सफेद पट्टी से नीचे खड़ा था। रॉन्ग साइड से आई एसयूवी उसमें पीछे से टकरा गई। बाइक सवारों की मौत भी एसयूवी चालक की गलती की वजह से हुई होगी। फिलहाल वाहनों को हटवाकर रास्ता खुलवा दिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
