Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : विवादित पोस्टरों से गरमाई सियासत, ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ के बैनरों पर बवाल

1 min read

आजमगढ़। जिले के फूलपुर और बिलरियागंज सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को विवादित पोस्टरों और बैनरों को लेकर राजनीतिक माहौल अचानक गर्म हो गया। फूलपुर के जगदीशपुर पुल पर ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नाम से लगाए गए पोस्टरों में अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधते हुए उनके कार्यकाल को ‘ल्यारी राज’ बताया गया, जबकि योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर सीएम’ के रूप में प्रस्तुत किया गया। इन पोस्टरों में फिल्मी थीम का प्रयोग कर अखिलेश यादव को एक काल्पनिक किरदार के तौर पर दर्शाया गया, वहीं योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ उनकी छवि को सकारात्मक रूप में दिखाने की कोशिश की गई। पोस्टर सामने आते ही समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई और इसे एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश बताया गया। इसी तरह का एक बैनर बिलरियागंज के नए चौक पर भी लगाए जाने से विवाद और बढ़ गया। एक स्थानीय निवासी ने थाने में तहरीर देकर कुछ लोगों पर जानबूझकर आपत्तिजनक बैनर लगाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी विवादित बैनरों को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक फिल्मी पोस्टरों के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार में ही माफियाओं का प्रभाव बढ़ा है और इसे ‘धुरंधर’ नहीं बल्कि उत्पीड़न और भ्रष्टाचार की राजनीति बताया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *