Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : डीआईओएस कार्यालय में युवक ने खुद पर उड़ेल लिया पेट्रोल, पिता के लिए बेटे ने उठाया खाैफनाक कदम, मचा हड़कंप

1 min read

आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को समझा-बुझाकर किसी तरह यह बड़ा हादसा टाल दिया। युवक की पहचान सौरभ तिवारी के रूप में हुई है, जिसने डीआईओएस मनोज कुमार पर वेतन भुगतान के नाम पर अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। सौरभ तिवारी के पिता अशोक तिवारी, जो स्वयं शिक्षक हैं, ने बताया कि अंजुमन इस्लामिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दौना लालगंज वर्ष 2002 में अनुदान सूची में शामिल हुआ था। नियुक्ति से जुड़े विवाद के चलते मामला न्यायालय में चला गया, जिसके कारण शिक्षकों का वेतन लंबे समय तक अवरुद्ध रहा। वर्ष 2016 में न्यायालय ने शिक्षकों के पक्ष में फैसला सुनाया, लेकिन इसके बाद भी विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में पुनः न्यायालय द्वारा शिक्षकों के पक्ष में निर्णय देते हुए वेतन भुगतान के निर्देश दिए गए, लेकिन तत्कालीन डीआईओएस उपेंद्र कुमार के कार्यकाल में वेतन जारी करने के लिए करीब 25 लाख रुपये की मांग की गई। आंशिक भुगतान के बाद भी वेतन फिर से रोक दिया गया। बाद में उपेंद्र कुमार के अवकाश पर जाने के दौरान कार्यभार संभालने वाले अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने वेतन भुगतान शुरू कराया, लेकिन उपेंद्र कुमार के वापस आने पर फिर भुगतान रोक दिया गया। बताया गया कि 31 जनवरी 2026 को जेडी कार्यालय में हुए हंगामे के बाद वेतन पुनः जारी किया गया, लेकिन इसके बाद उपेंद्र कुमार का स्थानांतरण हो गया। वर्तमान में प्रभारी डीआईओएस मनोज कुमार के कार्यकाल में मार्च माह का वेतन फिर रोक दिया गया, जिससे आक्रोशित होकर सौरभ तिवारी ने आत्मदाह का प्रयास किया।

वहीं, डीआईओएस मनोज कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वेतन रोकने का निर्णय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लिया गया है, न कि किसी प्रकार की वसूली के लिए। फिलहाल, घटना के बाद कार्यालय में तनाव का माहौल है और मामले को लेकर जांच की मांग उठने लगी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *