आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बैंक धोखाधड़ी मामले में फरार अभियुक्त पर उद्घोषणा, घर पर चस्पा हुआ नोटिस
1 min read
आजमगढ़। जनपद की कोतवाली व जहानागंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बैंक धोखाधड़ी और गबन के गंभीर मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। न्यायालय के आदेश पर फरार अभियुक्त के विरुद्ध धारा 84 बीएनएसएस के अंतर्गत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, मु०अ०सं० 527/2025 धारा 319(2), 318(4), 316(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त दीनदयाल उपाध्याय पुत्र अमरनाथ उपाध्याय निवासी मुस्तफाबाद थाना जहानागंज की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह पुलिस गिरफ्त से बाहर बना हुआ है और न्यायालय में भी आत्मसमर्पण नहीं किया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश दिनांक 07 अप्रैल 2026 के अनुपालन में पुलिस ने अभियुक्त के घर पहुंचकर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया और डुगडुगी बजवाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई। इस दौरान गवाहों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया विधिवत पूरी की गई। शनिवार को एक बार फिर कोतवाली व जहानागंज पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियुक्त के घर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुनः उद्घोषणा की कार्रवाई को अमल में लाया गया। मामले के अनुसार, इंडसइंड बैंक के शाखा प्रबंधक उमाकांत यादव की तहरीर पर 14 अक्टूबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त ने बैंक के तीन ग्राहकों के खातों से बिना अनुमति धन निकालकर गबन किया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उसके खिलाफ कोतवाली थाने में कई अन्य मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
