आजमगढ़ में फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
1 min read
जन्मतिथि और पते में हेरफेर कर 2009 व 2024 में बनवाए थे अलग-अलग पासपोर्ट, एक पासपोर्ट बरामद
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 16 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति ने वर्ष 2009 में एक पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद अभियुक्त ने कूटरचना करते हुए अपनी जन्मतिथि और पते में बदलाव कर वर्ष 2024 में एक नया पासपोर्ट बनवा लिया। दोनों पासपोर्ट में दर्ज विवरण अलग-अलग पाए गए, जिससे धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। इस मामले में थाना मुबारकपुर पर मुकदमा संख्या 117/2026 के तहत धारा 118(4), 336(2), 338, 340(2) बीएनएस एवं 12(1) पासपोर्ट अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सिकन्दरपुर पुलिया के पास पहुंचे, जहां सुबह करीब 9:50 बजे अभियुक्त अरविन्द पुत्र स्वर्गीय हरिश्चन्द को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त वर्तमान में ग्राम सिकन्दरपुर थाना मुबारकपुर का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता ग्राम हरई इस्माइलपुर थाना जीयनपुर बताया गया है। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक पासपोर्ट बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल रमाकांत यादव शामिल रहे।
