भाजपा विधायक के पति ने मजदूरों और ठेकेदार को पीटा,मजदूरी भी नहीं दी, पुलिस ने दर्ज किया केस
1 min read
रामपुर। मिलक-शाहबाद सीट से भाजपा विधायक राजबाला के पति दिलीप सिंह लोधी पर मजदूरों-ठेकेदार से मारपीट और एक लाख रुपये मजदूरी न देने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना बयाना क्षेत्र के गांव नगला होता निवासी ठेकेदार रविंद्र सिंह ने अधिवक्ता के माध्यम से एससी-एसटी कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर विधायक पति दिलीप सिंह लोधी पर आरोप लगाए। रविंद्र के मुताबिक वह ग्रेनाइट पत्थर लगाने का काम करता है और मजदूरों के साथ मुरादाबाद में एक कोठी पर काम कर रहा था। इसी दौरान परिचितों के माध्यम से उसकी बातचीत दिलीप सिंह लोधी से हुई। आरोप है कि लोधी ने अजीतपुर बरेली-बाईपास स्थित अपने होटल पर ग्रेनाइट लगाने का काम 35 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से तय किया। साथ ही 15 मजदूरों के साथ काम कराने और साप्ताहिक मजदूरी व अन्य खर्च देने पर सहमति बनी। रविंद्र के अनुसार वह मजदूरों के साथ होटल पर पहुंचा और काम शुरू कर दिया। एक सप्ताह बाद जब उसने भुगतान मांगा तो केवल दो हजार रुपये दिए गए। बाकी रकम मांगने पर टालमटोल की गई। आरोप है कि अगले दिन पैसे मांगने पर लोधी ने राशन देने की बात कही, लेकिन नगद भुगतान से इंकार कर दिया। ठेकेदार का कहना है कि नौ दिन का काम होने पर करीब एक लाख रुपये बनते थे। भुगतान की मांग करने पर विधायक पति भड़क गए और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसकी बोलेरो गाड़ी, बर्तन और सिलिंडर भी कब्जे में ले लिए गए और धमकी देकर सभी मजदूरों को वहां से भगा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि पुलिस में शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दिलीप सिंह लोधी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। मैंने रविंद्र को घर में टाइल्स लगाने का ठेका दिया था। लेकिन उसने घटिया टाइल्स लगाई जिसकी शिकायत भी की थी। इस बात से नाराज होकर वह बीच में ही काम छोड़कर चला गया। गाड़ी भी उनके घर पर छोड़कर चला गया। पुलिस ने उसकी गाड़ी को बरामद कर लिया है। ठेकेदार ने जो आरोप लगाए हैं वह पूरी तरह निराधार हैं। उन्हें झूठा फंसाया गया है। -दिलीप लोधी, विधायक पति
