Latest News

The News Complete in Website

11 लाशों का पोस्टमार्टम: चार वाहनों में 10 मिनट तक चीखते रहे, हड्डियां तक जल गईं; बच्चों के शव देख आंखें नम

1 min read

मिर्जापुर। बीती रात रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में हुए दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों समेत 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ तभी से कार में सवार लोग चीखने-चिल्लाने लगे थे। फिर तेज धमाके के साथ स्विफ्ट कार और बोलेरो में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि जब तक हम लोग बचाने की कवायद शुरू करते तब तक कार में बैठे लोगों की चीखने की आवाजें थम गईं।

गुरुवार की सुबह सभी 11 लोगों की लाशों का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। एक-एक कर गठरी में रखे शवों को बाहर निकाला गया। जब बच्चों की लाशें निकलीं तो पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े लोगों की भी आंखें नम हो गईं। आग में जलने से अधिकांश शव के कुछ अंश ही बचे हुए थे। वहीं, अजीज खान (46) की भी अस्पताल में इलाज के दाैरान माैत हो गई।

रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार की रात करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक, ट्रेलर, स्विफ्ट कार और बोलेरो की आपस में टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिससे उसमें सवार नौ लोग जिंदा जल गए। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक और ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई। हादसे के बाद घाटी क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लदा ट्रेलर नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार चल रही थी, जबकि कार के पीछे दाल लदा ट्रक और उसके पीछे बोलेरो वाहन आ रहा था। इसी दौरान दाल लदे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्विफ्ट कार आगे ट्रेलर से जा भिड़ी। वहीं पीछे से आ रही बोलेरो भी अनियंत्रित होकर ट्रक में टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। ट्रक चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन बोलेरो सवारों को निकलने का मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर ड्रमंडगंज, हलिया समेत आसपास के थानों की पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां घंटों तक मशक्कत करती रहीं, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।

आग बुझने के बाद बोलेरो से नौ शव बरामद हुए, जिनमें दो महिलाएं, दो बच्चे और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी शव बुरी तरह जल चुके थे, जिससे उनकी पहचान करने में दिक्कत हो रही है। वहीं हादसे में स्विफ्ट कार चालक जयप्रकाश (26) पुत्र मुन्नर, निवासी परसिया दुबे, राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) की भी मौत हो गई। इसके अलावा ट्रक के खलासी की भी जान चली गई।

सूचना पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है, जिससे एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए और बोलेरो में आग लग गई।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *