Latest News

The News Complete in Website

बरेली में दूल्हे की मौत: पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, शाम को जानी थी बरात; परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

1 min read

शाही (बरेली)। बरेली के शाही थाना क्षेत्र में शादी के दिन बरात जाने से ठीक पहले एक युवक का शव शनिवार सुबह साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से शादी वाले घर में मातम पसर गया। मृतक के परिवार ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शाही कस्बा के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी युवक देवेंद्र मौर्य (22 वर्ष) की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय हुई थी। शनिवार को बरात जानी थी। शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ और रात में डीजे पर खुशियां मनाई गईं। डीजे की तेज आवाज पर मोहल्ले के कुछ लोगों को आपत्ति होने पर उसे मुख्य दरवाजे के पास लगा लिया गया था। रात दो बजे तक खुशियां मनाने के बाद देवेंद्र अपने बहनोई और अन्य रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका हुआ है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो देवेंद्र का शव करीब छह फुट की ऊंचाई पर पतली रस्सी से आम के टहनी में बंधा था, उसके पैर जमीन पर मुड़े हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी इस बात से हैरान थे कि इतनी कम ऊंचाई से कोई आत्महत्या कैसे कर सकता है।

मृतक के पिता रामदास मौर्य ने कहा कि बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकता, बल्कि उसकी हत्या कर लटकाया गया है। मृतक देवेंद्र दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था और मेहनत मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। उसके दाहिने हाथ में शादी का कंगन और हाथों में मेहंदी लगी थी। वह दो दिन पहले ही बरेली से अपनी पसंद का कोट-पैंट लाया था।

सूचना मिलने के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि थाना अध्यक्ष करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *