विधान परिषद् प्रश्न सन्दर्भ समिति ने उठाया शिनेका के ध्वजारोहण का प्रकरण
1 min read
दोषी को सजा मिलने तक उठाता रहूंगा आवाज : एमएलसी रामसूरत राजभर
आजमगढ़। विधान परिषद् सदस्य रामसूरत राजभर द्वारा विधान परिषद् में उठाये गये शिब्ली नेशनल कालेज के ध्वजारोहण के मामले को लेकर विधान परिषद् प्रश्न सन्दर्भ समिति के सभापति ध्रुव कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में आजमगढ़ में मण्डलीय समीक्षा करने पहुंची। जिससे एक बार फिर से शिब्ली नेशनल कालेज का ध्वजारोहण का मामला सुर्खिया में छा गया।
सभापति ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने शिब्ली नेशनल पीजी कालेज के प्रकरण में आजमगढ़ के जिलाधिकारी व एसपी से जवाब मांगा। उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि यह प्रकरण बहुत ही चर्चित है। पूर्व में आजमगढ़ निवासी सदस्य विधान परिषद् रामसूरत राजभर ने तीन बार सदन में कार्यवाही के लिए उठा चुके है, लेकिन अभी तक उक्त मामले में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी। उन्होंने संबंधित को निर्देशित किया कि शिब्ली नेशनल कालेज से संबंध में जो जांच अधिकारी की जांच आख्या है उसके आधार पर कार्यवाही किया जाना आवश्यक है। जिसको लेकर डीएम और एसपी को निर्देशित किया गया, जल्द ही कार्यवाही होगी। समिति में सदस्य के रूप में एमएलसी विजयबहादुर पाठक, रामसूरत राजभर, बीछेलाल राम के साथ विधान परिषद समिति के विशेष सचिव सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
उधर, इस बावत सदस्य विधान परिषद् सदस्य रामसूरत राजभर ने कहाकि शासन के निर्देश पर जांच कमेटी के द्वारा आरोप की पुष्टि हो चुकी है। तत्कालीन डीएम नवनीत सिंह चहल के आख्या रिपोर्ट में भी दोष स्पष्ट है लेकिन आज तक कार्यवाही नहीं हो सकी। उपरोक्त मामले में बरती गई शिथिलता की जानकारी मुख्यमंत्री जी को दी जाएगी और दोषी और उसके बचाने वाले जिम्मेदारों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की जाएगी। उन्होंने कहाकि उक्त विषय को हमने तीन बार सदन में उठाया है।
उपरोक्त जानकारी विधान परिषद् सदस्य रामसूरत राजभर के मण्डलीय प्रतिनिधि सौरभ उपाध्याय ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में दी।
