आजमगढ़ : चाचा ने बेटों के साथ मिल पति को मार डाला
1 min read
महिला ने लगाया आरोप; आठ के खिलाफ मुकदमा
आजमगढ़। आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के भोगईचा गांव की रहने वाली महिला ने चाचा और उनके पुत्रों पर पति को पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। साथ ही विषाक्त पदार्थ खिलाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में जुट गई है। परिजनों में आपसी विवाद को ही हत्या का कारण बताया जा रहा है। सुनील पांडेय की पत्नी अंजलि ने पति को पीटकर और विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अंजलि ने बताया कि रविवार शाम 5.30 बजे उसके पति सुनील पांडेय घर से साइकिल से बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह रामसकल पांडेय के घर के सामने पहुंचे तभी साइकिल का चेन उतर गई। वह चेन चढ़ाने के लिए उतरे कि आठ आरोपियों ने घेर लिया। इसके बाद उन्हें मारने-पीटने लगे। इसके बाद घर में सुनील को उठा ले गए। बेरहमी से पीटने के बाद जहरीला पदार्थ खिला दिए। घटना की सूचना 112 पर दी गई। मौके पर 108 एंबुलेंस भी पहुंची और सुनील पांडेय को अचेतावस्था में सीएचसी अहरौला में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने सुनील पांडेय को मृत घोषित कर दिया। सुनील पांडेय के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। पत्नी अंजलि पांडेय की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में रामसकल पांडेय, रामदरश पांडेय, रवि पांडेय, विशाल पांडेय, श्रवण, प्रियंका, कमलावती और एक अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
