मऊ में गेहूं काटने के विवाद में चाचा-भतीजे के बीच फायरिंग, एक गोली लगी, तीन घायल
1 min read
मऊ। जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के सोडसर गांव में शुक्रवार की भोर में गेहूं काटने को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले लाठी-डंडों से मारपीट हुई, फिर बात इतनी बढ़ी कि एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में अभिषेक यादव के बाएं कंधे में गोली लगी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। कोपागंज एसओ विजय प्रताप मौर्य ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के घायलों का इलाज करा रही है और स्थिति पर नजर रख रही है। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई थी। जानकारी के अनुसार, यह विवाद पिछले दिन हुई बारिश से गेहूं की फसल खराब होने के कारण शुरू हुआ। एक पक्ष का आरोप है कि उन्होंने फसल काटने को कहा था, लेकिन दूसरे पक्ष ने समय पर फसल नहीं काटी, जिससे बारिश में फसल बर्बाद हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।