Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़: बीएड प्रवेश परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

1 min read

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2025 को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह परीक्षा 1 जून 2025 को जनपद के 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों (सुबह 9:00 से 12:00 और दोपहर 2:00 से 5:00 बजे तक) में आयोजित होगी, जिसमें कुल 10,961 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए शासनादेश के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट, दो केंद्रों पर एक केंद्र प्रतिनिधि और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को बैठक के बाद अपने-अपने केंद्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अवकाश पर नहीं रहेगा।

परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, फर्नीचर की सैनिटाइजेशन, इन्फ्रारेड थर्मामीटर से तापमान जांच और मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केंद्र प्रतिनिधियों को प्रथम पाली के लिए सुबह 5:00 बजे और द्वितीय पाली के लिए सुबह 9:00 बजे कोषागार से गोपनीय सामग्री प्राप्त करने और उसे समय पर केंद्रों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। परीक्षा सामग्री को परीक्षा समाप्ति के बाद सुरक्षित कोषागार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी केंद्र प्रतिनिधियों को दी गई।

जिलाधिकारी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वे सुबह 7:00 बजे तक अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच करें और महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कंट्रोल रूम (7800793655) और जनपदीय कंट्रोल रूम (9454417172) को सूचित करें। जनपद में धारा-163 बीएनएसएस लागू होने के कारण परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश, फोटो स्टेट कॉपियर की दुकानें और साइबर कैफे बंद रहेंगे। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और शस्त्रों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए दो महिला आरक्षी तैनात करने और देर से आने वाले अभ्यर्थियों की विशेष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने एसपी ट्रैफिक को जाम से बचने के लिए यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र रखने का निर्देश दिया।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डॉ. जाकिर अली और डॉ. बदरी गुप्ता ने परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। नोडल कोऑर्डिनेटर प्रो. विजय कुमार राय और जिला समन्वयक प्रो. संत कुमार यादव ने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक किट उपलब्ध कराई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री राहुल विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री चिराग जैन, मुख्य कोषाधिकारी श्री अनुराग श्रीवास्तव सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ परीक्षा को नकल-मुक्त और सुचारू रूप से संपन्न कराएं। किसी भी लापरवाही पर भारतीय न्याय संहिता-2023 और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *