Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 53.2 किलो गांजा बरामद

1 min read

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराध और अवैध गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीयनपुर थाना पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। 30 मई 2025 की रात को मुबारकपुर तिराहे पर एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 53.2 किलोग्राम अवैध गांजा (अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 26.5 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक मैजिक वाहन बरामद किया गया।
मुखबिर की सूचना के आधार पर जीयनपुर थाना पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की टीम ने मुबारकपुर तिराहे पर एक संदिग्ध मैजिक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में बांस के गठ्ठरों और कोरियर सामान के बीच छिपाकर रखा गया 53.2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में तलाशी ली गई और अभियुक्त राजेन्द्र यादव (55 वर्ष), पुत्र स्व. नोपई यादव, निवासी भैसार, थाना रौनापार, आजमगढ़ को रात 1:55 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
पूछताछ में राजेन्द्र यादव ने बताया कि वह अपने बेटे विजय यादव के साथ मिलकर असम के बरपेठा निवासी प्रवित्र वर्मन से संपर्क कर गांजा मंगवाता था। गांजा को रविगो महिन्द्रा लॉजिस्टिक कोरियर कंपनी के जरिए बांस की डिलिवरी के नाम पर गत्ते में पैक कर छिपाया जाता था। इसके बाद छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर खुदरा बिक्री की जाती थी। राजेन्द्र ने बताया कि वह लंबे समय तक असम में रहा, जिससे उसे वहां की भौगोलिक स्थिति और गतिविधियों की जानकारी थी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *