आजमगढ़: बकरीद की तैयारियों को लेकर DM और SSP ने किया स्थलीय निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
1 min read
आजमगढ़। आगामी 07 जून को बकरीद के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार-II और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने संयुक्त रूप से नमाज स्थलों, कुर्बानी के संभावित स्थानों और डंपिंग ग्राउंड्स का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मुबारकपुर ने बताया कि कुर्बानी के अवशेषों के लिए 18 स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं। लोगों को जागरूक किया गया है कि अवशेषों को केवल इन्हीं निर्धारित स्थानों पर डंप किया जाए। जिलाधिकारी और SSP ने डंपिंग स्थलों के आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया।
इसके बाद, मुबारकपुर थाने के पास पोखरी क्षेत्र में साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। साथ ही, थाना परिसर, महिला आरक्षी थाने और वाहनों की स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हाल में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न हो। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जाए और अवशेषों को खुले में न फेंका जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राहुल विश्वकर्मा, SDM सदर, SP सिटी मधुबन कुमार सिंह, CO सदर सुश्री आस्था जायसवाल, विनय कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
